अंतरिक्ष में 9 महीने बिताने के बाद सुनीता विलियम्स अपने साथी बुच विल्मोर के साथ 19 मार्च की सुबह 3:30 बजे स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए सुरक्षित धरती पर लौट आईं। पूरी दुनिया उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रही थी, और जैसे ही वे सकुशल पहुंचे, सभी ने राहत की सांस ली। उनकी वापसी पर हर किसी के चेहरे पर मुस्कान थी। एक्टर आर माधवन भी इस खुशी में शामिल हुए और सोशल मीडिया पर अपने भावनात्मक संदेश के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं।
आर माधवन ने सुनीता विलियम्स की लैंडिंग का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “हमारी प्यारी सुनीता विलियम्स का धरती पर स्वागत है। हमारी दुआएं सुन ली गई हैं। आपको सुरक्षित और मुस्कुराते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा। स्पेस में 260 से ज्यादा दिनों के बाद यह भगवान की कृपा और लाखों लोगों की प्रार्थनाओं का नतीजा है। स्पेसएक्स फाल्कन 9, नासा और पूरे क्रू ने बेहतरीन काम किया है। भगवान आपका भला करे।”
View this post on Instagram
9 महीने के मिशन के बाद घर लौटीं सुनीता विलियम्स
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर, दोनों पूर्व नौसेना पायलट हैं। उन्होंने 5 जून 2024 को ऑर्बिटल लैब के लिए उड़ान भरी थी। मूल रूप से यह मिशन 8 दिनों का था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों और शेड्यूल में बदलाव के कारण उन्हें अंतरिक्ष में 9 महीने तक रुकना पड़ा। आखिरकार, 59 वर्षीय सुनीता और 62 वर्षीय बुच अब सकुशल धरती पर लौट आए हैं।
आर माधवन की आने वाली फिल्में
आर माधवन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्होंने फिल्म ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ में वैज्ञानिक नांबी नारायणन का किरदार निभाया था, जिसे उन्होंने खुद डायरेक्ट भी किया था। इसके अलावा, वह ‘द रेलवे मैन’ में नजर आए थे, जिसमें केके मेनन और बाबिल खान भी अहम भूमिकाओं में थे। अब वह सिद्धार्थ और नयनतारा के साथ फिल्म ‘टेस्ट’ में दिखाई देंगे, जो सिनेमाघरों के बजाय सीधे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।