संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गोलियों की रासलीला: रामलीला’ 2013 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक थी, जिसमें दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा का आइटम नंबर ‘राम चाहे लीला’ भी बेहद पॉपुलर हुआ था। हालांकि, फिल्म के लिए फीमेल लीड के लिए शुरुआत में भंसाली ने करीना कपूर और प्रियंका चोपड़ा को शॉर्टलिस्ट किया था। करीना के मना करने के बाद प्रियंका ने लीला के किरदार को स्वीकार किया, लेकिन बाद में दीपिका ने उन्हें रिप्लेस कर दिया। फिर प्रियंका ने फिल्म में ‘राम चाहे लीला’ गाना किया।
प्रियंका चोपड़ा की मां, मधु चोपड़ा ने हाल ही में ‘लेहरन रेट्रो’ को दिए गए इंटरव्यू में बताया कि प्रियंका इस बदलाव से निराश नहीं थीं। वह बहुत खुश थीं और गाने को करने में खुशी महसूस कर रही थीं। मधु चोपड़ा ने कहा, “जब प्रियंका वापस आई, तो उसने बताया कि वह सिर्फ गाना कर रही हैं। जब मैंने पूछा कि क्या हुआ, तो उसने कहा कि शायद यह बेहतर रहेगा।”
मधु चोपड़ा ने आगे कहा कि प्रियंका ने यह निर्णय सोच-समझ कर लिया होगा और हो सकता है कि उनके और संजय लीला भंसाली के बीच इस बात पर अच्छी चर्चा हुई हो। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका बदला नहीं लेती और जो काम करने के लिए संजय भंसाली ने कहा, उसे उन्होंने किया क्योंकि वह एक पेशेवर एक्ट्रेस हैं।
मधु चोपड़ा ने ‘बाजीराव मस्तानी’ में प्रियंका के काशीबाई के किरदार पर भी बात की। उन्होंने बताया कि यह किरदार बहुत चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि इसमें चेहरे के हाव-भाव पर काफी जोर था। साथ ही, उन्होंने संजय लीला भंसाली को एक ‘कठिन’ डायरेक्टर बताते हुए कहा कि भंसाली के साथ काम करना आसान नहीं होता, और प्रियंका ने हमेशा उनके निर्देशन में अपनी भूमिका पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित किया।