Raid 2 Teaser: अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म रेड 2 का टीजर हुआ रिलीज, सोशल मीडिया पर मचा धमाल!
अजय देवगन की मचअवेटेड फिल्म रेड 2 का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था, जो 1 मई तय की गई है। अजय देवगन ने इंस्टाग्राम पर रेड 2 का नया पोस्टर शेयर करते हुए अपने फैंस को बताया कि वह अमय पटनायक के रूप में फिर से बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “नया शहर, नई फाइल और अमय पटनायक की एक नई रेड। रेड 2 सिनेमाघरों में 1 मई को दस्तक देने के लिए तैयार है!”
टीजर में भी अजय देवगन अपने दमदार अंदाज में अमय पटनायक की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन राज कुमार गुप्ता ने किया है, जबकि इसमें अजय के साथ रितेश देशमुख और वाणी कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि 2018 में रिलीज़ हुई रेड के इस सीक्वल की कहानी आईआरएस अधिकारी अमय पटनायक की वापसी पर आधारित है। यह फिल्म आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा वास्तविक जीवन में की गई छापेमार कार्रवाइयों पर आधारित है।
फिल्म की आधिकारिक घोषणा अप्रैल 2020 में हुई थी, और इसका प्री-प्रोडक्शन अगस्त 2022 में शुरू हुआ था। अजय देवगन इस बार फिर अमय पटनायक के किरदार में नजर आएंगे, जबकि रितेश देशमुख विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, वाणी कपूर फिल्म में इलियाना डिक्रूज की जगह लेंगी।
अजय देवगन के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन के पास सन ऑफ सरदार की दूसरी किस्त भी है। इस फिल्म में मृणाल ठाकुर और संजय दत्त भी नजर आएंगे। गौरतलब है कि 2012 में आई सन ऑफ सरदार में अजय देवगन, संजय दत्त, सोनाक्षी सिन्हा और जूही चावला मुख्य भूमिकाओं में थे।
अजय देवगन आखिरी बार रोहित शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म सिंघम अगेन में नजर आए थे। इस फिल्म में अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण और अर्जुन कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे, जबकि सलमान खान ने इसमें एक खास कैमियो किया था।