रैपर और म्यूजिक कंपोजर यो यो हनी सिंह का नया गाना मेनिएक इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है, जिसमें उनके साथ ईशा गुप्ता भी नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इस गाने में रैप खुद हनी सिंह ने नहीं, बल्कि एक भोजपुरी सिंगर ने किया है, जो कभी मंदिरों के बाहर बैठकर गाने गाया करती थीं। हनी सिंह के ऑफर ने उनकी जिंदगी बदल दी, और उन्होंने इस गाने में अपने भोजपुरी रैप से धूम मचा दी। यह गाना सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, और इसके साथ ही रैपर रागिनी विश्वकर्मा भी सुर्खियों में आ गई हैं। आइए जानते हैं उनकी कहानी।
कौन हैं रागिनी विश्वकर्मा?
मेनिएक में रैप करने वाली रागिनी विश्वकर्मा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली हैं। वे मंदिरों और आयोजनों में हारमोनियम और ढोलक के साथ पारंपरिक भोजपुरी गाने गाती थीं। भोजपुरी के अलावा, वे अवधी और ग़ज़ल गायन में भी माहिर हैं। उनके कई गाने सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनमें कूलर से न गर्मी ई जाला काफी मशहूर हुआ था, जिसे यूट्यूब पर 10 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। इंस्टाग्राम पर भी उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है, जहां उन्हें 4.44 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
हनी सिंह का गाना कैसे मिला?
NDTV इंडिया को दिए इंटरव्यू में रागिनी ने बताया कि हनी सिंह की टीम से विनोद वर्मा नाम के शख्स ने उनके गुरु को कॉल किया था। शुरुआत में उन्हें नहीं पता था कि यह मौका हनी सिंह के साथ काम करने का है, बस यह कहा गया कि बॉलीवुड में एक गाना गाने का मौका मिल सकता है। बाद में, गोरखपुर के अर्जुन अजनबी द्वारा लिखे गए गाने को उन्होंने रिकॉर्ड किया और फिर पता चला कि यह हनी सिंह के एल्बम का हिस्सा बनेगा।
हनी सिंह के साथ काम करने के बाद अब रागिनी विश्वकर्मा को भोजपुरी इंडस्ट्री में भी बड़ा ब्रेक मिलने की उम्मीद है। इतना ही नहीं, भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने भी उनके साथ काम करने का वादा किया है।