हिंदी सिनेमा में कपूर खानदान सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित परिवार माना जाता है। इस परिवार के कई सदस्य बॉलीवुड में सफल करियर बना चुके हैं, तो कुछ उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। पृथ्वीराज कपूर के तीन बेटे—राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर—फिल्मी दुनिया में बेहद सफल रहे। राज कपूर के साथ उनके बेटे ऋषि और रणधीर कपूर भी हिट साबित हुए, लेकिन शम्मी और शशि कपूर के बच्चे इंडस्ट्री में ज्यादा सफल नहीं हो सके। शशि कपूर के तीन बच्चे—करण, संजना और कुणाल—बॉलीवुड में अपना खास मुकाम नहीं बना पाए, लेकिन अब उनके पोते जेहान कपूर फिल्मों में सक्रिय हो चुके हैं।
शशि कपूर के दूसरे बेटे करण कपूर ने भी फिल्मों में हाथ आजमाया था, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिली। करण कपूर के दो बच्चे हैं—बेटी आलिया कपूर और बेटा जैक कपूर। जैक, जो अब 23 साल के हो चुके हैं, अपने दादा शशि कपूर की तरह ही टॉल और हैंडसम दिखते हैं। उनका जन्म 2002 में लंदन (इंग्लैंड) में हुआ था, और फिलहाल वे अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। जैक और उनका परिवार हैमरस्मिथ एंड फुलहम (इंग्लैंड) में रहता है, और उनकी नागरिकता ब्रिटिश है। वे करीना कपूर, करिश्मा कपूर, रणबीर कपूर और जेहान कपूर के कजिन हैं।
अगर उनके पिता करण कपूर की बात करें, तो उन्होंने “जुनून” (1978), “36 चौरंगी लेन” (1981), “सल्तनत” (1986) और “लोहा” (1987) जैसी फिल्मों में काम किया था। वहीं, उनके भाई कुणाल कपूर ने इंग्लिश मॉडल लॉर्ना तर्लिंग कपूर से शादी की थी, लेकिन अब दोनों अलग हो चुके हैं। हाल ही में करण कपूर एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने भारत आए थे। उनकी डैशिंग पर्सनालिटी को देखकर लोग हैरान रह गए, और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हो गईं। उनके विदेशी लुक के चलते कई लोगों के लिए यह यकीन कर पाना मुश्किल था कि वे कपूर खानदान के सदस्य और शशि कपूर के बेटे हैं।