अनुराग कश्यप के ब्राह्मणों को लेकर दिए गए बयान पर विवाद हर दिन नए मोड़ ले रहा है। इस मुद्दे पर लगातार बयान और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब इस विवाद में एक नया अपडेट सामने आया है। हाल ही में एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ ने अनुराग कश्यप के खिलाफ मुंबई के ओशीवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, और इसके अलावा इंदौर में भी उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। गहना पुलिस स्टेशन के बाहर एफआईआर हाथ में पकड़े हुए नजर आईं और उन्होंने अनुराग के बयान पर अपना गुस्सा जाहिर किया।
कौन हैं गहना वशिष्ठ?
गहना वशिष्ठ एक एक्ट्रेस, मॉडल और वेब सीरीज आर्टिस्ट हैं, जिनका असली नाम वंदना तिवारी है। वे मुख्य रूप से ALT Balaji और अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अपनी बोल्ड वेब सीरीज के लिए जानी जाती हैं, जैसे “गंदी बात” और “डर्टी पॉलिटिक्स”। गहना ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी और कुछ टीवी एडवर्टाइजमेंट्स और शोज़ में भी नजर आईं। बाद में उन्होंने फिल्मों और वेब सीरीज की दिशा में कदम रखा।
गहना तब विवादों में आईं जब 2021 में मुंबई पुलिस ने उन्हें पॉर्न फिल्में बनाने और अपलोड करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि वे केवल बोल्ड कंटेंट बनाती हैं, पोर्न नहीं। दिसंबर 2024 में गहना से एडल्ट कंटेंट बनाने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में ईडी ने पूछताछ की थी।
क्या है मामला?
विवाद तब शुरू हुआ जब अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक यूजर को जवाब देते हुए ब्राह्मणों के बारे में बेहद आपत्तिजनक बातें लिखीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया और लोगों ने उनकी कड़ी आलोचना की।