Sikandar Box Office Collection Day 1: सलमान खान की ‘सिकंदर’ ने ईद पर की धमाकेदार ओपनिंग, पहले दिन कमाए इतने करोड़!
सलमान खान की मचअवेटेड एक्शन थ्रिलर सिकंदर 30 मार्च को ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में भाईजान के साथ रश्मिका मंदाना, सत्यराज, प्रतीक बब्बर, शरमन जोशी और काजल अग्रवाल अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को लेकर बीते कई दिनों से जबरदस्त चर्चा थी, वहीं सलमान को ईद पर बड़े पर्दे पर देखने का फैंस में खासा उत्साह था। इसका असर सिकंदर के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में साफ नजर आया।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, सिकंदर ने भारत में पहले दिन करीब 30 करोड़ का कारोबार किया है, जबकि वर्ल्डवाइड इसकी कमाई 40 करोड़ के पार जाने की उम्मीद है। फिल्म ने हिंदी में 21.60% की कुल ऑक्यूपेंसी दर्ज की। सुबह के शोज में 13.76% ऑक्यूपेंसी के साथ धीमी शुरुआत हुई, लेकिन शाम को यह बढ़कर 25% हो गई। हालांकि, रात के शोज में मामूली गिरावट दर्ज की गई और ऑक्यूपेंसी 23.55% रही। ट्रेड एनालिस्ट्स ने पहले ही सिकंदर की ओपनिंग 25-26 करोड़ तक रहने का अनुमान लगाया था।
अगर सलमान खान की पिछली ईद रिलीज फिल्मों से तुलना करें तो बजरंगी भाईजान (2015) ने पहले दिन 26.67 करोड़, किक (2014) ने 24.97 करोड़ और दबंग 3 (2019) ने 22.29 करोड़ की ओपनिंग की थी। ऐसे में सिकंदर ने भी एक शानदार शुरुआत की है।
हालांकि, सिकंदर को सोशल मीडिया और क्रिटिक्स से मिक्स रिव्यू मिले हैं। साथ ही, फिल्म के इंटरनेट पर लीक होने की खबरें भी आई हैं, जिससे आने वाले दिनों में इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ सकता है।