तमिल सिनेमा के दमदार अभिनेता विजय सेतुपति की ‘महाराजा’ ने OTT पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। अब उनकी एक और बेहतरीन फिल्म हिंदी में रिलीज होने जा रही है। वेत्रिमारन के निर्देशन में बनी पॉलिटिकल क्राइम थ्रिलर ‘विदुथलाई पार्ट 2’ 20 दिसंबर 2024 को सिनेमाघरों में आई थी। इस फिल्म में विजय सेतुपति के साथ सूरी, मंजू वारियर, किशोर और राजीव मेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। IMDb पर इसे 8.0 की शानदार रेटिंग मिली है।
डायरेक्टर वेत्रिमारन, जिन्हें ‘आदुकलम’, ‘विसरनई’, ‘वडा चेन्नई’ और ‘असुरन’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है, कहते हैं, “यह फिल्म सत्ता और अस्तित्व की लड़ाई के बीच फंसे लोगों की सच्चाई को उजागर करती है। ZEE5 के माध्यम से इसे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। मुझे उम्मीद है कि हिंदी दर्शक भी इस कहानी से गहराई से जुड़ेंगे।”
OTT पर कब और कहां देखें ‘विदुथलाई’ और ‘विदुथलाई पार्ट 2’?
‘विदुथलाई’ का पहला भाग मार्च 2023 में रिलीज हुआ था और इसे दर्शकों व समीक्षकों ने खूब सराहा। अब इसका दूसरा भाग भी दर्शकों के लिए तैयार है। ZEE5 पर पहले से ही ‘विदुथलाई’ स्ट्रीम हो रही थी, लेकिन हिंदी में उपलब्ध नहीं थी। अब ‘विदुथलाई पार्ट 2’ के साथ, पहला भाग भी 28 मार्च से ZEE5 पर हिंदी में स्ट्रीम होगा।
View this post on Instagram
‘विदुथलाई’ की कहानी
फिल्म की कहानी रहस्यमयी क्रांतिकारी पेरुमल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक स्कूल शिक्षक से क्रांतिकारी नेता बनता है। ‘विदुथलाई पार्ट 2’ में यह कहानी उसके क्रोध, सहानुभूति और दमनकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष को गहराई से दर्शाती है। जब पेरुमल पकड़ा जाता है, तो वह अपनी कहानी बयां करता है, जिससे कांस्टेबल कुमारेसन (सूरी) अपने कर्तव्य और पेरुमल के प्रति सहानुभूति के बीच उलझ जाता है।
विजय सेतुपति कहते हैं, “मुझे खुशी है कि अब ‘विदुथलाई पार्ट 1 और 2’ हिंदी में भी दर्शकों तक पहुंचेगी। यह एक ऐसे इंसान की कहानी है, जो अपने विश्वास के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहता है, चाहे अंजाम कुछ भी हो।”