प्रियंका चोपड़ा ने 2000 के दशक में अपनी नाक की सर्जरी करवाई थी, क्योंकि उनकी नाक में पॉलिप हो गया था, जिसे हटाने के लिए यह सर्जरी जरूरी थी। लेकिन यह सर्जरी गलत हो गई, जिससे उनकी नाक की शेप बिगड़ गई। इस बदलाव ने प्रियंका को गहरा झटका दिया और वे डिप्रेशन में चली गईं। साल 2023 में उन्होंने इस सर्जरी के बारे में खुलकर बात की थी, और अब उनकी मां मधु चोपड़ा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
प्रियंका की बिगड़ी सर्जरी पर पापा का रिएक्शन
मधु चोपड़ा ने बताया कि जब प्रियंका अपनी सर्जरी को लेकर परेशान थीं, तब उनके पापा ने उन्हें हौसला दिया। उन्होंने कहा, “प्रियंका को मैंने ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन उसके पापा ने उसे समझाया कि चिंता मत करो, ऐसा कुछ भी नहीं है जो हम ठीक नहीं कर सकते। यह बहुत छोटी सी बात है।”
उन्होंने आगे कहा, “अरे, इसी चेहरे के साथ तो मिस वर्ल्ड बनी है! यह एक मेडिकल एक्सीडेंट था, जो किसी भी डॉक्टर से हो सकता है। लेकिन इसे सही किया जा सकता है, और हमने किया।”
प्रियंका चोपड़ा का रिएक्शन
मधु चोपड़ा ने प्रियंका की पहली प्रतिक्रिया भी बताई। उन्होंने कहा, “जाहिर सी बात है कि वह बहुत दुखी थी। उसे लगा कि वह जिस काम के लिए गई थी, उसके बदले कुछ और लेकर आई है। उसे अपना चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। तब पापा ने उसे समझाया कि घबराने की जरूरत नहीं, इसे ठीक किया जा सकता है।”
नाक की सर्जरी से करियर पर पड़ा असर
प्रियंका ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस सर्जरी का उनके करियर पर बुरा असर पड़ा था। उनकी बिगड़ी हुई नाक की वजह से उन्हें तीन बड़ी फिल्मों से निकाल दिया गया। इस दौरान वे मेंटली टूट चुकी थीं, लेकिन उनके पापा ने उन्हें करेक्टिव सर्जरी के लिए हिम्मत दी, जिससे वह फिर से अपने आत्मविश्वास को हासिल कर सकीं।