भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस काजल राघवानी की नई फिल्म ‘मुनिया’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इस फिल्म की कहानी देश के ग्रामीण इलाकों में फैली अंधभक्ति और ढोंगी तांत्रिकों के काले कारनामों की पोल खोलती है। अनिल नैनन के निर्देशन में बनी इस फिल्म के करीब चार मिनट लंबे ट्रेलर में काजल राघवानी की दमदार एक्टिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। उनके साथ फिल्म में रितेश उपाध्याय अहम भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की शुरुआत एक गांव से होती है, जहां तांत्रिक को भगवान की तरह पूजा जाता है। बीमार पड़ने पर गांववाले डॉक्टर के बजाय उसी तांत्रिक के पास जाते हैं। इसी गांव में मुनिया (काजल राघवानी) की शादी होती है और वह बहू बनकर ससुराल आती है। वहीं तांत्रिक अपने डर और राज बनाए रखने के लिए गांव में ऐलान करता है कि एक डायन आने वाली है, जो गांव का विनाश करेगी।
कहानी तब मोड़ लेती है जब मुनिया तांत्रिक की अंधभक्ति के खिलाफ आवाज उठाती है। एक बच्चे की मौत के बाद वह कहती है कि अगर उसे डॉक्टर के पास ले जाते तो शायद उसकी जान बच जाती। इसके कुछ ही समय बाद मुनिया के पति की भी मौत हो जाती है। इस मौके का फायदा उठाकर तांत्रिक मुनिया को डायन घोषित कर देता है और गांववालों से उसके चेहरे पर कालिख पुतवाकर उसे बेदखल करवा देता है।
गांव से निकाले जाने के बावजूद मुनिया हार नहीं मानती। वह सच्चाई सामने लाने का फैसला करती है। पति की मौत से पहले वह गर्भवती थी और अब उसकी एक बेटी है। मुनिया, अपनी बेटी और गांव के बच्चों के साथ मिलकर तांत्रिक के पाखंड को उजागर करती है और उसकी असलियत सबके सामने लाती है।
‘मुनिया’ में काजल राघवानी और रितेश उपाध्याय के अलावा किरण यादव, आराध्या पांडेय, प्रेम दुबे, कौशल शर्मा, राम सिंह, जेपी सिंह, रितु चौहान, गोपाल चुहाना, अनीता ओझा, सीमा सिंह, अशोक गुप्ता, संगीता राय और केके राजा जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण श्री आद्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले विनय सिंह और मंजुल ठाकुर ने किया है। डायलॉग्स ओम प्रकाश यादव ने लिखे हैं और गाने प्यारे लाल यादव व राकेश निराला ने। संगीत ओम झा का है।
हालांकि फिल्म की रिलीज डेट का अब तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि ‘मुनिया’ 2025 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।