ऋषि कपूर की डायरेक्टोरियल डेब्यू: एक फ्लॉप फिल्म जो इतिहास बन गई
ऋषि कपूर का फिल्मी करियर बतौर अभिनेता बेहद सफल रहा है। 70 के दशक में फिल्म ‘बॉबी’ से डेब्यू करने के बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बना ली थी। रोमांटिक हीरो के तौर पर उनकी फैन फॉलोइंग जबरदस्त थी और उन्होंने कई हिट फिल्में दीं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ऋषि कपूर ने एक्टिंग के साथ-साथ निर्देशन में भी हाथ आजमाया था। हालांकि, यह अनुभव उनके लिए कुछ खास अच्छा नहीं रहा।
ऋषि कपूर ने साल 1999 में फिल्म ‘आ अब लौट चले’ के जरिए बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया था। इस फिल्म में ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना लीड रोल में नजर आए थे, साथ ही राजेश खन्ना, कादर खान, परेश रावल और सतीश कौशिक जैसे दिग्गज कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे। ‘आ अब लौट चले’ ऋषि कपूर की पहली और आखिरी निर्देशित फिल्म साबित हुई, क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर यह बुरी तरह फ्लॉप रही।
View this post on Instagram
फिल्म को आरके फिल्म्स बैनर तले ऋषि कपूर ने अपने भाइयों रणधीर कपूर और राजीव कपूर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया था। दिलचस्प बात ये है कि रणबीर कपूर इस फिल्म से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर जुड़े थे।
हालांकि फिल्म की कहानी दर्शकों को खास पसंद नहीं आई, लेकिन इसके गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं। नदीम-श्रवण द्वारा कंपोज किए गए गानों को उस समय काफी सराहा गया था। उस वक्त अक्षय खन्ना और ऐश्वर्या राय इंडस्ट्री में नए थे, जिससे शायद फिल्म को लेकर लोगों की उम्मीदें भी अलग थीं।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने भारत में करीब 11 करोड़ और वर्ल्डवाइड लगभग 17.38 करोड़ रुपये की कमाई की, जो उस समय के हिसाब से निराशाजनक थी। नतीजतन, फिल्म को फ्लॉप घोषित किया गया और ऋषि कपूर ने निर्देशन से दूरी बनाते हुए दोबारा एक्टिंग में वापसी कर ली।
साल 2020 में ऋषि कपूर का कैंसर के कारण निधन हो गया। उनकी आखिरी फिल्म ‘शर्माजी नमकीन’ साल 2022 में रिलीज हुई, जिसमें उन्होंने एक बार फिर अपने अभिनय का जादू दिखाया।