क्या आपको 2005 में टीवी पर आने वाला शो काव्यांजलि याद है? अगर हां, तो आप काव्य के किरदार को भी जरूर याद करेंगे, जिसे निभाया था रक्षक साहनी ने। काव्यांजलि शो के जरिए रक्षक साहनी घर-घर में फेमस हो गए थे। अपनी शानदार एक्टिंग और डैशिंग लुक्स से काव्य ने दर्शकों का दिल जीता था। हालांकि, काफी समय बाद रक्षक साहनी शो से अचानक चले गए थे, और उनके जाने के बाद एजाज खान ने काव्य का किरदार निभाया। इसके बाद रक्षक साहनी के फैंस ये जानने के लिए उत्सुक थे कि वो कहां चले गए और अब कैसे दिखते हैं। तो चलिए, आपको बताते हैं कि बीस साल बाद काव्य यानी रक्षक साहनी अब कैसे नजर आते हैं।
अब ऐसे दिखते हैं काव्य
जो दर्शक उस समय काव्य के फैन रहे हैं, वे यह मानेंगे कि 2005 में रक्षक साहनी बेहद स्टाइलिश और हैंडसम नजर आते थे। अब बीस साल का वक्त बीत चुका है, और इस दौरान उनके लुक्स में कोई खास बदलाव नहीं आया है। बल्कि कह सकते हैं कि अब रक्षक साहनी पहले से भी ज्यादा फिट और हैंडसम दिखते हैं। वो अपनी सिक्स-पैक एब्स, गठीली बॉडी, और बाइसेप्स-ट्राइसेप्स को फ्लॉन्ट करना बेहद पसंद करते हैं। उनके इंस्टाग्राम पर आप ऐसी कई तस्वीरें देख सकते हैं जो उनकी फिटनेस और आकर्षक लुक्स को दर्शाती हैं।
अब क्या कर रहे हैं रक्षक साहनी?
काव्यांजलि शो छोड़ने के बाद रक्षक साहनी अमेरिका में बस गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें अमेरिकी नागरिकता भी मिल चुकी है। अपने इंस्टाग्राम बायो में उन्होंने बताया कि वह अमेरिकन कॉमेडी क्लब का हिस्सा बन चुके हैं, जहां वह एक्टर, डायरेक्टर और राइटर के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। हालांकि, उनकी असली मंजिल हॉलीवुड है, और वह वहां अपनी जगह बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।